काबुल
अमेरिकी सेना ने अफगानिस्तान से जाते-जाते काबुल में एक बड़ी एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया है।
तालिबान ने बताया कि रविवार को अमेरिका के हवाई हमले में एक गाड़ी में सवार आत्मघाती हमलावर मारा गया। यह हमलावर विस्फोटकों से भरी कार के साथ अफगानिस्तान से निकलने में जुटी अमेरिकी सेना के ऊपर हमला करने की ताक में था। इस बीच काबुल हवाई अड्डे के पास एक रिहायशी इलाके में रॉकेट हमले की भी रिपोर्ट आई है।
गुरुवार को काबुल एयरपोर्ट पर हुआ था हमला
गुरुवार को काबुल एयरपोर्ट पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के एक आत्मघाती हमलावर ने धमाका किया था। इस हमले में अमेरिकी सेना के 13 जवान सहित कम से कम 150 लोग मारे गए थे। मरने वालों में एयरपोर्ट के बाहर अपने आप को निकाले जाने का इंतजार कर रहे अफगानों की संख्या ज्यादा थी। जिसके बाद से तालिबान ने एयरपोर्ट के आसपास से लोगों को हटाना शुरू कर दिया है।
काबुल एयरपोर्ट के पास रॉकेट हमले की भी खबर
बताया जा रहा है कि रॉकेट हमले में एक बच्चे की मौत हुई है, जबकि एक घर पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। दोनों हमले शुरुआत में अलग-अलग घटनाएं लग रही हैं। हालांकि, इनके बारे में अभी प्रारंभिक जानकारी ही मिल सकी है। ऐसे में अभी यह साफ नहीं हो सका है कि क्या एयरपोर्ट के नजदीक हुआ रॉकेट अटैक और अमेरिकी सेना की एयरस्ट्राइक आपस में जुड़ी हुई हैं कि नहीं।




