असम के तामुलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के दौरान एक ऐसा भी पल आया जब उन्होंने अपनी स्पीच रोक दी और एक कार्यकर्ता की चिंता करने लगे।
दरअसल भीड़ में एक शख्स बेहोश हो रहा था। इस पर पीएम मोदी ने कहा, देखिए एक कार्यकर्ता गिर रहा है। उसे संभालिए, पानी पिलाइए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने डॉक्टरों की टीम से उसकी मदद करने को कहा। इसके बाद उन्होंने पुनः अपना भाषण शुरू किया।
पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इन दोनों चरणों के बाद असम में फिर एक बार NDA सरकार बननी तय है। असम की पहचान का बार-बार अपमान करने वाले लोग, यहां की जनता को बर्दाश्त नहीं हैं। असम को दशकों तक हिंसा और अस्थिरता देने वाले, अब असम के लोगों को अब एक पल भी स्वीकार नहीं हैं।
पीएम ने कहा कि असम के लोग विकास, स्थिरता, शांति, भाईचारा, सद्भावना के साथ हैं। मोदी ने कहा, ‘मेरे राजनीतिक अनुभव के आधार पर, जनता के प्यार की भाषा, जनता के आशीर्वाद की ताकत पर मैं कहता हूं कि असम में एक बार फिर आप लोगों ने NDA सरकार बनाना तय कर लिया है। असम में हो रहा विकास यहां पर कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है। असम में हो रहा विकास यहां पर लोगों का, महिलाओं का जीवन आसान बना रहा है। असम में हो रहा विकास, यहां पर नए अवसर बना रहा है, नौजवानों के लिए अवसर बढ़ा रहा है।’
