31 मार्च तक स्कूल कॉलेज बंद
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए मध्य प्रदेश के तीन शहरों इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर में शनिवार रात्रि 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा. इसके अलावा, प्रदेश के भोपाल, इंदौर एवं जबलपुर नगरों में आगामी 31 मार्च तक स्कूल एवं कॉलेज बंद रहेंगे।
शुक्रवार को कोविड-19 के 309 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 272 एवं जबलपुर में 97 नये मामले आये।
मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाएं तथा उद्योग चालू रहेंगे।अधिकारी ने बताया, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार शाम को मंत्रालय में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की और यह निर्णय लिया।” चौहान ने कहा, ‘‘प्रदेश में कोरोना के प्रकरण बढ़ रहे हैं।
सरकार सभी आवश्यक इंतजाम कर रही है, परंतु संक्रमण रोकने के लिए आप सभी का पूरा सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर में रविवार को लॉकडाउन के दौरान सामाजिक समारोह आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।बैठक में अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि गत दिवस प्रदेश में 21,000 कोरोना जांच किए गए।

