अगर आप 90 के दशक के गाने के दिवाने हैं तो आपने सिंगर अलका याग्निक की आवाज लगभग हर गाने में सुनी होगी. रोमांटिक गाने से लेकर तड़क-भड़क हर तरह के गानों में सिंगर अलका याग्निक ने अपनी मधुर आवाज दी है.
मशहूर सिंगर अलका याग्निक को सात बार फिल्मफेयर अवॉर्ड लता मंगेशकर अवार्ड आईफा अवार्ड स्टार स्क्रीन अवार्ड और जी सिने अवार्ड्स मिल चुके है. अलका याग्निक अपना 55वां जन्मदिन मना रही हैं और उनके इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें.
14 साल की उम्र में गाया पहला गाना
14 साल की उम्र में अलका याग्निक ने फिल्म ‘पायल की झंकार’ का ‘थिरकत अंग लचक झुकी’ गाया. इसके बाद उन्होंने 1981 में फिल्म ‘लावारिस’ का गाना ‘मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है’ गाया और इसके बाद अलका याग्निक ने कभी पलट कर नहीं देखा. अलका ने कई हिट गाने दिए जो आज भी लोगों के जेहन में तरोताजा हैं.
बिजनेसमैन नीरज कपूर से शादी की
अलका याग्निक ने साल 1989 में शिलॉन्ग बेस्ड बिजनेसमैन नीरज कपूर से शादी की, लेकिन इस रिश्ते पर दरार पड़ गई. अलका पिछले 27-28 सालों से अपने पति से अलग मुंबई में रह रही हैं और उनके पति शिलॉन्ग में. इस कपल ने कभी तलाक नहीं लिया है लेकिन वो अलग रहते हैं औऱ दोनों की एक बेटी है सायशा कपूर.
