भारतीय टीम के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल मैच में एक विकेट लेकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. युजवेंद्र चहल अब भारत के लिए टी-20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 8 विकेट से हार मिली. इस मैच में टीम इंडिया ने 124 रन बनाए थे और इंग्लैंड ने जीत के लिए मिले 125 रन के लक्ष्य को दो विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस मैच में भारत की तरफ से युजवेंद्रा सिंह चहल और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक सफलता मिली.
युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में जोस बटलर का विकेट लिया और उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में टी20 क्रिकेट मे जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया. चहल के अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 60 विकेट हो गए हैं जबकि बुमराह के 59 विकेट थे. चहल अब भारत के लिए क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले नंबर पर आ गए हैं. वहीं आर अश्विन 52 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ युजवेंद्र चहल ने अपना 100वां इंटरनेशनल क्रिकेट मैच भी खेला. चहल ने साल 2016 में जिम्बॉब्वे के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. युजवेंद्र चहल 54 वनडे मैच खेलते हुए 92 विकेट ले चुके हैं.
