होली के लिए कैदियों ने मंगाए नमकीन और कुरकुरे के पैकेट, जेल प्रशासन ने खोले तो उड़ गए होश।
ग्रेटर नोएडा। लुक्सर में स्थित गौतमबुद्ध नगर जिला जेल में बंद एक कैदी के मंगाए गए सामान में जांच के दौरान चरस मिलने से हड़कंप मच गया।
इस चरस को एक कैदी ने दूसरे कैदी के नाम से मंगाया था और होली के त्योहार पर जेल में चरस को सप्लाई किया जाना था। जांच में ये चरस नमकीन के पैकेट से मिला, जिसकी मात्रा 455 ग्राम चरस थी। जेलर अजय कुमार सिंह ने बंदी के खिलाफ इकोटेक एक कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। कैदियों की चालाकी को देखते हुए जेल प्रशासन ने सामान की जांच प्रक्रिया और कड़ी कर दी है।
दरअसल, नमकीन, कुरकुरे व अन्य खाद्य पदार्थ में चरस को टुकड़े में भरकर सील पैक किया गया था। जब जेल प्रशासन ने जांच के दौरान इन पैकटो को संदेह होने पर फाड़ा तो उसमें चरस के टुकड़े मिले। जिनका वजन 455 ग्राम निकाला। चरस को जब्त कर लिया गया। लगभग सौ ग्राम चरस जांच के लिए भी भेज दी गई। जेल अधीक्षक भीम सैन मुकुंद ने बताया कि 14 मार्च को विचाराधीन बंदी अनिल के नाम से मंगल सिंह नामक व्यक्ति सामान दे गया।
15 मार्च को सामान का वितरण किया जाना था। सामान देने के लिए जेल प्रशासन ने अनिल को बुलाया।
बंदी ने बताया कि उसका कोई सामान नहीं आया है। उसके साथी बंदी मनीष गुप्ता ने उसके नाम से सामान मंगाया है। वहीं बंदी मनीष ने बताया कि सामान उसका है। मनीष ने बताया कि जेल से छूट चुके साथी मंगल सिंह से सामान मंगाया है। सामान लेने के लिए कैदी हड़बड़ी दिखाने लगे। इस पर जेल प्रशासन को शक हुआ। और जब पैकेट को खोल कर जांचा गया तो उसमें चरस के टुकड़े मिले।
सौ•- पत्रिका
