रामनगरी अयोध्या में हाइवे के ओवरब्रिज पर बन रही रामायण से जुड़ी कलाकृतियों का विरोध हो रहा है।
नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास और एसपी के पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडे ने इसे भगवान का अपमान बताया है।
महंत रामदास का मानना है की कलाकृतियां तो अच्छी बन रही हैं, लेकिन स्थान उचित नहीं है। दीवारों पर पेंटिंग इतनी ऊंची बननी चाहिए ताकि लोगों के हाथ वहां तक ना पहुंच सकें।
दरअसल, राज्य सरकार अयोध्या के सौंदर्यीकरण को लेकर सआदतगंज ओवरब्रिज से लेकर देवकाली ओवरब्रिज तक रामायण कालीन भगवान राम के जन्म से लेकर गुप्त काल तक की कलाकृतियां हाईवे के ओवर ब्रिज पर बनाई जा रही हैं। वाराणसी के फाइन आर्ट्स के स्टूडेंट इस काम में लगभग पिछले 1 महीने से लगे हुए हैं और अब यह कार्य अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर बीजेपी वोट मांगती आई है और वोट मांग कर सस्ती लोकप्रियता लेने का प्रयास कर रही है। ओवरब्रिज की दीवारों पर भगवान राम से संबंधित कलाकृतियां नहीं बननी चाहिए। इससे भगवान राम का अपमान होता है।
एसपी के पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडे ने महंत रामदास का समर्थन करते हुए कहा कि ओवरब्रिज की दीवारों पर धार्मिक कलाकृतियां बनाकर भगवान राम का अपमान हो रहा है। धार्मिक कलाकृतियों को लेकर पवन पांडे ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अयोध्या हाईवे ओवरब्रिज की दीवारों पर भगवान राम से संबंधित कलाकृतियां बनवाकर बीजेपी सस्ती लोकप्रियता ले रही है।
