मप्र में 13 साल के बच्चे ने ऑनलाइन गेम फ्री फायर (Online Game FreeFire) खेलने के चक्कर में 40,000 रुपये गंवाने के बाद आत्महत्या कर ली है. पैसे गंवाने के बाद से बच्चा डिप्रेशन में था
मध्य प्रदेश में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. यहां के छतरपुर जिले में 6वीं क्लास के एक बच्चे ने सुसाइड कर लिया है. इस बच्चे ने फ्री फायर (FreeFire) नाम का एक ऑनलाइन गेम खेलते हुए 40 हजार रुपये गंवा दिए थे, जिसके बाद उसने इतना खौफनाक कदम उठा लिया. पुलिस को बच्चे का लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है.
पुलिस के मुताबिक सिविल लाइन इलाके में सागर रोड पर रहने वाला 13 साल का बच्चा कृष्णा पाण्डेय मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था. इसके चलते उसकी मां के खाते से 40 हजार रुपये निकल गए. जब ये बात मां को पता चली तो उन्होंने बेटे कृष्णा पाण्डेय को गेम खेलने से मना किया. 40 हजार रुपये जाने से बच्चा डिप्रेशन में था. इसके चलते उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली.

पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है. हिंदी और इंग्लिश में लिखे गए इस नोट में बच्चे ने अपने पैरेंट्स से माफी मांगी है. साथ ही फ्री फायर गेम में पैसे गंवाने का जिक्र भी किया है. खबरों के मुताबिक लड़के के पिता पैथोलॉजी लैब चलाते हैं और उसकी मां जिला अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में काम करती हैं.

क्या है फ्री फायर
आज के समय में फ्री फायर एक लोकप्रिय बैटलग्राउंड गेम है! जिस गेम के गूगल प्ले-स्टोर पर 500 मिलियन से भी अधिक डाउनलोड हैं. इससे आप फ्री फायर गेम की लोकप्रियता का अंदाजा लगा सकते है! इस गेम की साइज भी बहुत कम है, जिसके चलते कम ram वाला एंड्राइड फ़ोन यूजर भी इस गेम को आसानी से खेल सकता है. free fire गेम को 111dots Studio द्वारा विकसित किया गया है और गारिना द्वारा प्रकाशित किया गया है.

फ्री फायर गेम को 20 नवंबर 2017 को सिर्फ बीटा वर्जन के लिए लॉन्च किया गया था उसके बाद 4 दिसंबर 2017 को आधिकारिक तौर पर एंड्रॉयड और आईओएस के लिए भी इसे लॉन्च किया गया. एक गेम में पचास से अधिक खिलाडी होते हैं, जिन्हे एक मैप पर छोड़ा जाता है और उन्हें एक दूसरे को मरना होता है. जो खिलाडी सबसे आखिर तक बच जाता है वह विजेता कहलाता है जो जीतता है उसे बुयाह (BOOYAH) दिया जाता है.




