शनिवार शाम अचानक एक मैसेज ने शहर के कुछ कारोबारियों को निराश किया।
ये मैसेज जिला प्रशासन के अफसरों ने बार और क्लब संचालाकों को भेजा था। इसमें लिखा था बार पूरी तरह बंद रहेंगे। संडे अनलॉक के दौरान हालांकि देसी-विदेशी शराब दुकानों को दोपहर तक खुला रखने की छूट है मगर बार बंद ही रहेंगे। छत्तीसगढ़ होटल एसोसिएशन का अध्यक्ष तरणजीत सिंह होरा ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल के तहत बार बंद रखने को कहा गया है, हम इसका पालन कर रहे हैं।
9 अप्रैल के बाद पहला अनलॉक संडे कुछ ऐसा होगा
अब तक प्रदेश के साथ रायपुर शहर में संडे के दिन पूरी तरह से लॉकडाउन का पालन करवाया जा रहा है। अनलॉक का आदेश जारी होने के बाद भी संडे के दिन सबकुछ बंद रखा जा रहा था। 16 जून को रायपुर के कलेक्टर सौरभ कुमार ने संडे के दिन दोपहर दो बजे तक बाजार को खुला रखने की अनुमति दी है।
अचानक निर्देश से नुकसान
रायपुर के एक बार संचालक ने बताया कि पहला संडे अनलॉक है। हमने स्टाफ को बुलवा लिया था, सभी तैयारियां संडे के हिसाब से की थीं, मगर अब अचानक कह दिया गया कि बार नहीं खोलने हैं। जबकि बाकी पूरा बाजार दो बजे तक खोलने की छूट है। शराब की दुकानों को छूट और बार को प्रतिबंध ये हमारी समझ से परे हैं, अफसरों को हमारे व्यवसायिक नुकसान के बारे में भी सोचना चाहिए। पहले ही लंबे लॉकडाउन की वजह से माली हालत खराब है।
दुकानें, शॉपिंग मॉल, कमर्शियल कॉम्पलेक्स खुलेंगे।
पान बीड़ी, सिगरेट के ठेले गुमटी, गुपचुप, चाट, पकौड़ी, पाव भाजी की दुकानें खुलेंगी।
सुपर मार्केट, सुपर बाजार, डिपार्टमेंटल स्टोर, फल और सब्जी की मंडी, अनाज के सभी तरह की दुकानें और बाजार खुलेंगे।
शहर में सभी तरह के शोरूम, शराब की दुकानें, सैलून, ब्यूटी पार्लर, स्पा, बच्चों के पार्क और जिम खुलेंगे।
रात 10 बजे तक होटल या रेस्टोरेंट से अब ऑनलाइन पार्सल के अलावा, होम डिलीवरी हो सकेगी।
शाम 7 बजे तक ब्यूटी पार्लर और सेलून खुले रहेंगे।
रविवार समेत बाकि दिनों में भी ये रहेंगे बंद
रायपुर शहर के स्विमिंग पूल, वाटर पार्क, सिनेमा हॉल, थिएटर बंद रहेंगे।
सभी स्कूल, कॉलेज, स्टूडेंट्स के लिए बंद रहेंगे।
सभी प्रकार के सभा जुलूस, धरना प्रदर्शन, सामाजिक राजनीतिक, धार्मिक, कार्यक्रमों पर प्रतिबंध होगा
सभी रिसोर्ट, धार्मिक स्थल, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थल जैसे रायपुर का मुक्तांगन, जंगल सफारी अब भी आम लोगों के लिए बंद ही रहेंगे।
रविवार को ये होगी व्यवस्था
दोपहर दो बजे तक बाजार और दुकानों को खुला रखने की अनुमति होगी। 2 बजे के बाद सड़कों पर पुलिस का पहरा होगा। पेट्रोलिंग टीम सभी दुकानों और बाजारों को बंद करवाएगी। इस दौरान सिर्फ अस्पताल, क्लीनिक मेडिकल दुकान, पेट्रोल पंप, सरकारी राशन की दुकान, एलपीजी, पेट शॉप, न्यूजपेपर सप्लाई और दूध की सप्लाई के अलावा फल सब्जी जैसी जरूरी चीजों की सिर्फ होम डिलीवरी की जा सकेगी। अगर कोई शादी का कार्यक्रम है तो मैरिज हॉल और होटल अपनी सर्विस देंगे।


