इस चुनाव में जो बात उभर कर सामने आई है कि बागियों और निर्दलीय सबसे आगे दिख रहे हैं. इसके अलावा कई अन्य बड़े उलटफेर भी नजर आए हैं. जैसे राम की नगरी अयोध्या में भाजपा बुरी तरह से पिछड़ गई.
अयोध्या में सपा ने मारी बाजी
अयोध्या में जिला पंचायत सदस्य की 40 सीट हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक, सपा समर्थित 22 उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. वहीं, भाजपा ने सिर्फ 6 सीट पर ही बढ़त हासिल की है. इसके अलावा 12 सीट पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं.
लखनऊ जिला पंचायत की सभी 25 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। खास बात यह है कि वॉर्ड नंबर 18 से बीजेपी कैंडिडेट और दो बार की सांसद रीना चौधरी चुनाव हार गई हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी समर्थित पलक रावत ने दो हजार से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है। लखनऊ जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट इस बार एससी के लिए आरक्षित है। माना जा रहा था कि रीना चौधरी के जीतने पर बीजेपी उन्हें अध्यक्ष उम्मीदवार बना सकती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में जिला पंचायत चुनाव में बीजेपी काफी पीछे, निर्दलीय प्रत्याशियों ने सभी दलों को पीछे छोड़ दिया है। जिला पंचायत की 68 में से 25 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। वहीं 20 सीटों पर बीजेपी को बढ़त मिली है। 13 सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे हैं। वहीं 4 सीटों पर बीएसपी उम्मीदवारों को बढ़त मिली है। जौनपुर जिला पंचायत चुनाव में ग्लैमर का तड़का नहीं चला। यहां जिला पंचायत सदस्य की उम्मीदवार और 2015 मिस इंडिया रनर अप दीक्षा सिंह चुनाव हार गई हैं। वॉर्ड नंबर 26 से दीक्षा को दिवंगत बीजेपी नेता राजमणि सिंह की भतीजी नगीना सिंह ने करीब 2 हजार वोटों से मात दी है।
वाराणसी में बीजेपी को तगड़ा झटका
पीएम के गढ़ में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। जिला पंचायत की 40 सीटों में से बीजेपी के खाते में आए महज 8 सीटें आईं हैं। वहीं 14 सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं। वहीं बसपा ने 5,अपना दल एस को 3 सुभासपा और आमआदमी पार्टी को 1 सीट मिली है। वहीं 3 निर्दल प्रत्याशी भी जीते चुनाव।
उत्तरप्रदेश का टोटल आंकड़ा
चुनाव में निर्दलियों का बोलबाला
जिला पंचायत की 3050 में से 1536 की नतीजे/रुझान सामने आ रहे हैं. इसमें भारतीय जनता पार्टी को 491 सीट पर बढ़त हासिल है. वहीं, समाजवादी पार्टी को 364, बहुजन समाज पार्टी को 130 और कांग्रेस को 52 सीटों पर बढ़त हासिल है. इन सबके इतर निर्दलीय और बागी 499 सीट पर आगे चल रहे हैं, जो इस वक्त सबसे ज्यादा है.
यूपी में हुए पंचायत चुनाव के रिजल्ट अब लगभग साफ हो चुके हैं. धीरे-धीरे अंतिम परिणाम भी सामने आने लगे हैं. विधानसभा का सेमीफाइनल कहे जाने वाले इस चुनाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टियां अपनी ताकत आजमा रही हैं.
