एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी अफसर थे अब्दुल कुद्दुस..
बॉलिवुड के दिग्गज ऐक्टर दिवंगत कादर खान के सबसे बड़े बेटे अब्दुल कुद्दुस का निधन हो गया है। अब्दुल कनाडा में रहते थे और वहीं एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी अफसर के तौर पर काम करते थे। अब्दुल के निधन की जानकारी विरल भियानी ने इंस्टाग्राम पर शेयर की है।
2018 में कनाडा में ही हुआ था कादर खान का निधन
साल 2018 में कादर खान का भी 81 साल की उम्र में कनाडा में ही निधन हो गया था। 21 दिसंबर को कादर खान ने आखिरी सांसे ली थीं। बॉलिवुड में 300 से ज्यादा फिल्मों में ऐक्टिंग से लेकर डायलॉग लिखने तक का काम करने वाले कादर खान ने अजरा खान से शादी की थी। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें से अब्दुल कुद्दुस सबसे बड़े थे।
कादर खान के बाकी दो बच्चे फिल्मी दुनिया में
कादर खान के तीन बच्चों में सरफराज और शहनवाज खान भी हैं। ये दोनों ही फिल्मों की दुनिया में सक्रिय हैं। सरफराज खान ऐक्टर होने के साथ-साथ प्रड्यूसर भी हैं। सरफराज ने 2003 में सलमान खान की फिल्म ‘तेरे नाम’ में भी काम किया है। वह उसमें सलमान खान के जिगरी दोस्त असलम के किरदार में थे। जबकि 2009 में आई ‘वॉन्टेड’ में भी वह सलमान के दोस्त के रोल में थे।
कादर खान का परिवार कनाडा में ही रहता है। अब्बदुल कुद्दुस के साथ कादर खान के सबसे छोटे बेटे शहनवाज ने भी कई साल कनाडा में बिताए हैं। उन्होंने वहीं से डायरेक्शन, एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइनिंग की पढ़ाई की है।
