कानपुर के कॉर्डियोलॉजी अस्पताल के जनरल वार्ड में आग लगी, खिड़कियों के शीशे तोड़कर मरीजों को रेस्क्यू किया
उत्तर प्रदेश के कानपुर में कार्डियोलॉजी अस्पताल के जनरल वार्ड में रविवार सुबह आग लग गई। घटना के बाद वहां से सभी मरीजों को बाहर निकाला गया। आग लगने की सूचना पर फायर बिग्रेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गईं।
CM ने मांगी हादसे की रिपोर्ट, जांच के लिए बनाई कमेटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबंधित अफसरों से अस्पताल में आग लगने की घटना की रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही जांच के लिए हाई लेवल कमेटी भी बनाई गई है। इसमें DG फायर सर्विस, आयुक्त कानपुर मंडल और प्रमुख सचिव (चिकित्सा-स्वास्थ्य) शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश भी दिए हैं कि पहले की तरह सभी सभी अस्पतालों में आग से निपटने के इंतजामों की जांच की जाए।
खिड़कियों के शीशे तोड़कर लोगों को निकाला गया
जनरल वार्ड में आग के बाद खिड़कियों के शीशे तोड़कर मरीजों को बेड समेत बाहर निकाला गया। फिलहाल, स्वास्थ्य कर्मचारी और फायर सर्विस के लोग ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि अंदर तो कोई फंसा नहीं रह गया।
ACP महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर के सभी मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। पहली मंजिल पर 9 मरीजों के फंसे होने की सूचना मिली, लेकिन स्थिति को काबू में कर लिया गया है। मरीजों के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़कर वेंटिलेशन की व्यवस्था कर दी गई है।
धुआं कम होने पर ग्राउंड फ्लोर चेक किया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर पर अभी किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि ग्राउंड फ्लोर पर स्थित स्टोर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। फायर सर्विस के लोग जांच कर बताएंगे कि आग लगने की क्या वजह रही।
