छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक जिला पंचायत सदस्य की उनके घर में ही हत्या कर दी। बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने शुक्रवार को बताया कि नक्सलियों ने बीजापुर जिले में मिरतुर के जिला पंचायत सदस्य बुधराम कश्यप की उनके घर में हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय बीजापुर से करीब 65 किमी दूर मिरतुर थाना क्षेत्र के तालनार में बुधवार रात खाना खाने के बाद जिला पंचायत सदस्य बुधराम कश्यप अपने परिवार के सदस्यों के साथ आंगन में बैठे थे। रात करीब आठ बजे ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचे कुछ अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी व अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि बुधराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीओपी व टीआई समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल पहुंचा। बताया जा रहा है कि मृत जिला पंचायत सदस्य कांग्रेस पार्टी से जुड़ा था।
मिरतुर जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र जिले के भैरमगढ़ विकासखंड में आता है। एसपी कमलोचन कश्यप ने घटना की पुष्टि की है। हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
