इंग्लैंड ने वनडे सीरीज के दूसरे मैच में टीम इंडिया को 6 विकेट से हरा दिया. पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया.
केएल राहुल के शतक और कप्तान विराट कोहली और ऋषभ पंत के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 336 रन बनाए. इंग्लैंड ने 337 रनों के लक्ष्य को 43.3 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली.
स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने कहा कि हार्दिक पंड्या से गेंदबाजी नहीं कराया जाना समझ से परे है. वहीं, पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने कहा कि हार्दिक पंड्या का इस्तेमाल किया जाना चाहिए. हमारे गेंदबाज विकेट नहीं ले पा रहे हैं. पहले वनडे में टीम इंडिया को भले ही जीत मिली, लेकिन स्पिन गेंदबाज 19 ओवरों में सिर्फ एक विकेट ले सके थे. इसके बाद भी हार्दिक को नहीं आजमाया गया था. दूसरे वनडे में भी स्पिन गेंदबाज अब तक काफी महंगे रहे.
टीम इंडिया ने सीरीज के दोनों मैचों में 5 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पंड्या का यह दूसरा ही मैच था. प्रसिद्ध कृष्णा तो असरदार रहे, लेकिन क्रुणाल पंड्या प्रभाव नहीं छोड़ सके. क्रुणाल ने 6 ओवर फेंके और 76 रन दिए. ऐसे में भारतीय टीम को पांचवें गेंदबाज की कमी खली. कुलदीप यादव इस मैच में महंगे साबित हुए. उन्होंने 10 ओवरों में 84 रन दिए उनके खाते में एक भी विकेट नहीं आया.
जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय ने लगातार दूसरे मैच में 100 से अधिक रनों की साझेदारी की. भारतीय गेंदबाज इन दोनों को जल्द आउट नहीं कर पा रहे हैं. पहले मैच में बेयरस्टो ने 94, जबकि दूसरे मैच में 124 रनों की पारी खेली. पहले मैच में दोनों ने 135 रनों की साझेदारी की थी, तो दूसरे मैच में 110 रनों की पार्टनरशिप की.
