बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत सोशल मीडिया के जरिए इंडस्ट्री से लेकर देश से जुड़े हर मुद्दे पर अपनी राय जाहिर करती दिखाई दे जाती हैं।
वहीं उनके बेबाक बयानों को देखते हुए कई बार ऐसे कयास लगाए जा चुके हैं कि वो पॉलिटिक्स ज्वाइन कर सकती हैं। वहीं हाल ही में एक बार फिर से ऐसी खबरें उड़ीं तो कंगना ने खुद ही सोशल मीडिया पर इन पर जवाब दे डाला।
उन्होंने अपने पोस्ट में बताया है कि अगर वो राजनीति में जाएंगी और कहीं से कॉन्टेस्ट करेंगी तो इसके लिए कुछ शर्तें होंगी। अपने पोस्ट में एक्ट्रेस ने खुद को ‘बब्बर शेरनी राजपुताना’ कहा है और अपने प्लान को ‘बड़ा’ बताया है।
वहां भी बनना है ‘क्वीन’
कंगना रनौत ने एक ट्वीट पर जवाब दिया है, जिसमें एक शख्स ने दावा किया है कि कंगना इस बार हिमाचल प्रदेश की मंडी लोक सभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। कंगना रनौत ने जवाब देते हुए लिखा- ‘मुझे 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान ग्वालियर का ऑप्शन मिला था। हिमाचल प्रदेश की जनसंख्या मुश्किल से 60/70 लाख ही है, कोई गरीबी/क्राइम नहीं है’।
कंगना ने आगे कहा- ‘अगर मुझे राजनीति में जाने का मौका मिला तो मुझे एक ऐसा राज्य चाहिए जिसमें चुनौतियां हों, मैं काम करूं और इस क्षेत्र में भी क्वीन बन जाऊं। तुम्हारे जैसे मामूली लोग इन बड़ी बातों को नहीं समझेंगे’।
