छत्तीसगढ़ कोष, लेखा एवं पेंशन विभाग के संयुक्त संचालक राजेश श्रीवास्तव का शव आज नागपुर के एक लॉज में मिला है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिजन नागपुर के लिए रवाना हो गये हैं। वे एक मार्च को नवा रायपुर स्थित संचालनालय इंद्रावती भवन परिसर से गायब हो गये थे। परिजनों के अनुसार वे डिप्रेशन के साथ साथ शुगर के भी मरीज थे।
पिछले 8 महीने से उन्हें वेतन नहीं मिलने की वजह से वो परेशान रहते थे।
बताया जा रहा है कि नागपुर के सीताबर्डी थाना स्थित पूजा लॉज के 104 नंबर कमरे में राजेश श्रीवास्तव का शव मिला है। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो लॉज के कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर देखा। वे बिस्तर पर ही मृत पाये गये। लॉज प्रबंधन की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम पर शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराया।
शिनाख्त के लिए उनकी मोबाइल और लॉज के रजिस्टर में दर्ज नाम-पते का इस्तेमाल किया गया। नागपुर पुलिस ने रायपुर पुलिस से संपर्क कर शव मिलने की जानकारी और यहां दर्ज गुमशुदगी का मामला साझा किया। संयुक्त संचालक की मौत कैसे हुई यह अभी पहेली बना हुआ है। पुलिस अब उनकी मौत की गुत्थी सुलझाने की कोशिश में है। इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार होगा।
