20 साल बाद फिर गूंजेगी सनी देओल की बुलंद आवाज, एक और ‘गदर’ के लिए रहिए तैयार!
हिंदुस्तान जिंदाबाद था, जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा। डायलॉग, ट्रेन पर रोमांचक लड़ाई के सीन, हिंदुस्तान-पाकिस्तान के रिश्ते और हैंडपंप उखाड़ने वाला आइकॉनिक दृश्य… 20 साल बाद भी गदर फिल्म की ये सब बातें आज भी लोगों के दिलो-दिमाग में ताजा हैं। साल 2001 में आई यह फिल्म इतनी बड़ी हिट साबित हुई कि उस समय सबसे ज्यादा कमाई करके इतिहास रच दिया और क्लासिक फिल्मों की लिस्ट में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया। वही रोमांच एक बार फिर फिल्मी पर्दे पर देखने को मिलने वाला है।
ईटाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दो दशकों के बाद, रोमांटिक ड्रामा गदर: एक प्रेम कथा का सीक्वल बनाने की दिखा में निर्माताओं ने कदम आगे बढ़ा दिए हैं और शुरुआती स्तर का काम शुरू हो गया है। पुरानी हिट फिल्म को ध्यान में रखकर ही अगले पार्ट का प्लॉट और कहानी सोची जा रही है।फिल्म निर्माता अनिल शर्मा का कहना है कि वह सही समय पर खबर की पुष्टि करेंगे। उन्होंने यह भी कहा, ‘एक सीक्वल के बारे में बात चल रही है, लेकिन मैं आधिकारिक तौर पर सही समय पर इसकी पुष्टि और घोषणा करूंगा। फिलहाल, चीजें शुरुआती अवस्था में हैं।’

