भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में वुमंस सिगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।
सिंधु ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में तीसरी सीड जापान की अकाने यामागूची को 16-21, 21-16, 21-19 से हराया। यह मैच 76 मिनट तक चला। वहीं, मेंस सिंगल्स में 19 साल के लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा।
सिंधु अपने करियर में दूसरी बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले वे 2018 में यहां अंतिम चार में पहुंची थीं। तब सेमीफाइनल में सिंधु को यामागूची से ही हार झेलनी पड़ी थी। यानी सिंधु ने जापानी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ तीन साल पहले मिली हार का हिसाब चुकता कर दिया है।
अब तक 18 भिड़ंत में सिंधु की 11वीं जीत
यह पीवी सिंधु और यामागूची के बीच अब तक की 18वीं भिड़ंत थी। इसमें सिंधु ने 11वीं बार जीत हासिल की है। इससे पहले दोनों के बीच आखिरी मुकाबला दिसंबर 2019 में वर्ल्ड टूर फाइनल्स में हुआ था। तब यामागूची ने सिंधु को 18-21, 21-18, 21-8 से हराया था। सिंधु ने इस जापानी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ लगातार तीन मैच हारने के बाद जीत हासिल की है।
दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे और निर्णायक गेम में कांटे की टक्कर हुई। इसमें 0-0 के बाद दोनों ने 11 बार और एक-दूसरे की बराबरी की। आखिरी बार दोनों 19-19 की बराबरी पर आई। यहां से सिंधु ने लगातार दो पॉइंट जीतकर गेम और मैच अपने नाम कर लिया।

