मशहूर फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती आज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम मोदी की रैली के मंच पर बीजेपी का झंडा उठाया।पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि हिंदी और बांग्ला फिल्मों के अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती बीजेपी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
असल में, बीजेपी को जिस बड़े बंगाली चेहरे की तलाश थी आज वो पूरी हो गई है।वामपंथ के मंच पर दिखने वाले मिथुन का भगवा खेमे में आना सबसे बड़ा यू टर्न है। बंगाल के चुनावी युद्ध में बड़े धमाके की तैयारी हो रही है। पीएम मोदी की कोलकाता में पहली रैली है और ममता बनर्जी की घेराबंदी का पूरा प्लान है।
अटकलों का बाजार तो काफी पहले से गर्म था।मिथुन चक्रवर्ती की RSS प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात के मायने भी लगातार तलाशे जा रहे थे।बीजेपी के नेता लगातार संदेश दे रहे थे कि कोशिश तो जारी है।मिथुन चक्रवर्ती को बीजेपी में शामिल कराने के अभियान के सूत्रधार रहे कैलाश विजयवर्गीय लगातार हरकत में थे। बीती शनिवार रात कैलाश विजयवर्गीय ने उनसे मुलाकात की थी।
विजयवर्गीय ने ट्वीट किया कि देर रात कोलकाता के बेलगाचिया में सिनेमा जगत के मशहूर अभिनेता मिथुन दा के साथ लम्बी चर्चा हुई।उनकी राष्ट्र भक्ति और गरीबों के प्रति प्रेम की कहानियां सुनकर मन गदगद हो गया।
