जल्द ही जारी होगी नई गाइडलाइन…
जयपुर कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार से परेशान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य सरकार एक-दो दिन में नई गाइडलाइन जारी करेगी जिसमें अगले 15 दिन के लिए सख्त निर्णय लिए जाएंगे.
कोरोना के बढ़ते मामलों पर मुख्यमंत्री ने शनिवार रात विशेषज्ञों, चिकित्सकों और अफसरों के साथ लाइव समीक्षा की। बैठक में सीएम ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और प्रदेश में सख्ती बढ़ाने के संकेत दिए. गहलोत ने कहा कि संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाना जरूरी है और केंद्र को भी इसमें आगे आना चाहिए।
इसके अलावा सीएम गहलोत ने कहा कि लोगों में अनुशासन लाने के लिए जरूरी है कि केंद्र सरकार एसओपी जारी करे. राज्य सरकार इसे लेकर केंद्र सरकार से बात करेगी. सीएम ने कहा कि केंद्र अगर पहल करता है तो अच्छा है वरना मजबूर होकर हमें ही एसओपी जारी करनी पड़ेगी. नई एसओपी को लेकर एक-दो दिन में निर्णय ले लिया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल को सभी को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि कोरोना को लेकर स्थिति बिगड़ती जा रही है और हालात चिंताजनक हैं, लेकिन आखिरकार विजय राजस्थान की ही होगी. उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन भी पूरी ताकत से होना चाहिए और हमें इसमें अव्वल बने रहने के प्रयास करने चाहिए. इसके साथ सीएम ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकना एवं जीवन बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
