चोर ने कोयला व्यापारी के घर में घुस कर 5 लाख 80 हजार नगद व सोने-चांदी के जेवर समेत 9 लाख रुपए का माल चोरी कर लिया था, और बगल वाले सुने मकान की छत पर से होते हुए भागने की फ़िराक में था, लेकिन पुलिस इतनी जल्दी आ गयी की उसे भागने का मौका ही नहीं मिल रहा था। पढ़िए बदकिस्मत चोर की कहानी।
बिलासपुर: रामावर्ल्ड कॉलोनी में रहने वाले कोयला व्यापारी के घर में घुस कर युवक 5 लाख 80 हजार व सोने-चांदी के जेवर समेत 9 लाख रुपए का माल चोरी कर लिया। जब कोयला व्यापारी की नींद खुली, तब बेडरूम का दरवाजा व आलमारी खुला देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई और पुलिस को बुला लिया। इस दौरान बाजू में सूने मकान से भागते समय युवक छत से कूद गया। आवाज सुनकर पुलिस पहुंची, तब चोरी करने आए युवक घायल पड़ा हुआ मिला। उसके पास बैग में नकदी व जेवर रखा था। जिसे जब्त कर पुलिस ने घायल चोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सिरगिट्टी क्षेत्र के रामावर्ल्ड में रहने वाले विवेक गोयल कोयला व्यापारी हैं। शुक्रवार की रात वे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 3 बजे अचानक उनकी नींद खुल गई। इस दौरान बेडरूम का दरवाजा खुला दिखा और आलमारी का दरवाजा व लॉकर भी खुले मिले। उन्हें चोरी की आशंका हुई तब उन्होंने आलमारी के पास जाकर देखा। कमरे में सामान बिखरे पड़े थे और 5 लाख 80 हजार रुपए, सोने-चांदी के जेवर भी गायब मिले। विवेक ने तत्काल इस घटना की सूचना सिरगिट्टी पुलिस को दी। खबर मिलते ही कुछ ही देर में पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस व्यापारी की जांच कर रही थी और आसपास तलाशी ले रही थी। तभी व्यापारी के मकान के बाजू में स्थित सूने मकान की छत से एक युवक भागते दिखा। अचानक कुछ गिरने की आवाज आई। जिसे सुनकर पुलिसकर्मी व व्यापारी वहां पहुंच गए। युवक उठ नहीं पा रहा था और घायल पड़ा था। पुलिस ने उससे जेवर व नगदी बरामद किया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। व्यापारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने युवक से पूछताछ की, तब पता चला कि राहुल गंधर्व बेलहगना चौकी क्षेत्र के खोंगसरा का रहने वाला है। वर्तमान में तिफरा स्थित अलका परिसर में रहता है। पुलिस की पूछताछ में उसने शहर में पहले भी कई जगहों पर चोरी करना बताया है। फिलहाल, वह अस्पताल में भर्ती है और पुलिस उससे ज्यादा पूछताछ नहीं कर पाई है।
TI फैजूल शाह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि रामा वर्ल्ड एक महंगी व बड़ी कॉलोनी है, जहां से वह बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए आया था। चोरी करने के बाद वह दूसरे राज्य भागने के फिराक में था। लेकिन, गिर कर घायल होने के बाद उसकी मंसूबों पर पानी फिर गया।

