MP BIG BREAKING: भोपाल के मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान में सोमवार रात 11 बजे तीन स्टूडेंट बाइक से हॉस्टल जा रहे थे, तभी उन्हें एक बाघ अपनी ओर आता दिखाई दिया। वे इतने डर गए कि वहीं बाइक छोड़कर भाग गए। उन्होंने इसकी जानकारी वार्डन और गार्ड को दी। वन विभाग को सूचना मिलने पर वाल्मी में पेट्रोलिंग कर रही टीम सर्चिंग के लिए मैनिट पहुुंची।
वहीं भोपाल वन मंडल अधिकारी ने बताया कि मैनिट के हॉस्टल नंबर 7 और 8 के पास बाघ के पगमार्क मिले हैं। उसने एक गाय का शिकार भी किया है। टीमें सर्चिंग के लिए लगाई गई हैं। अब हमारा प्रयास उसे आगे बढ़ने से रोकना है। आज वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। जानकारों की माने तो यह बाघ अपनी टेरिटरी बना रहा है। वाल्मी के आसपास बाघ पिछले कई महीने से मूवमेंट कर रहा है। बाघ अपनी टेरिटरी बनाने के लिए यूरिन से पेड़ों पर स्प्रे करते है। और यह एक तरह से अन्य बाघों को सूचना होती है कि यह इलाका अब मेरा है। इसके अंदर कोई दूसरा बाघ आने की जुर्रत न करें।
बता दें कि इससे पहले जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान में भी बाघ कुछ दिन से दिखाई दे रहा था। मैनिट में इसी बाघ के घुसने की बात बताई जा रही है। इसके पहले भोज यूनिवर्सिटी के कुलपति के बंगले में भी यह बाघ दिखाई दे चुका है। इसे टी-123 बाघिन के दो शावकों में से एक बताया गया था। घटना के बाद मैनिट प्रबंधन ने सर्कुलर जारी करके सभी स्टूडेंट्स को हिदायत दी कि परिसर में बाघ का मूवमेंट देखा गया है। ऐसे में स्टूडेंट्स अगले नोटिस तक अपने हॉस्टल में ही रहें। साथ ही सभी क्लासेस भी सस्पेंड कर दी गई हैं। भोपाल वन मंडल के डीएफओ आलोक पाठक ने बताया कि वन विभाग की टीम संबंधित स्टूडेंट, मैनिट प्रबंधन और सिक्यूरिटी गार्ड से बातचीत कर रही है। पगमार्क देखने के बाद ही बताया जा सकेगा कि मैनिट परिसर में बाघ है, तेंदुआ है या लकड़बग्घा।
