बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा 2021 के परिणाम की घोषणा आज दोपहर साढ़े तीन बजे होगी। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षाफल की घोषणा शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी करेंगे।
12वीं का रिजल्ट जहां प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जारी हुआ था, वहीं मैट्रिक रिजल्ट में बोर्ड बदलाव कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर परीक्षाफल की घोषणा के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन नहीं किया जाएगा। शिक्षा मंत्री की घोषणा से संबंधित प्रेस रिलीज, फोटो/वीडियो एवं अन्य विवरण कार्यक्रम के बाद भेज दिए जाएंगे। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार भी उपस्थित रहेंगे।
बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा 2021 का आयोजन 17 फरवरी से 24 फरवरी 2021 तक किया गया था। बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में कुल 16 लाख 84 हजार 466 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें आठ लाख 37 हजार 803 छात्राएं और आठ लाख 46 हजार 663 छात्र थे।
इससे पहले बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड या बीएसईबी) ने 10वीं परीक्षा की ‘आंसर की(answer key)’ 20 मार्च 2021 को जारी कर दी थी। इस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 22 मार्च तक का समय दिया गया था। एक्सपर्ट्स द्वारा सभी आपत्तियों पर विचार करने के बाद ही परिणाम जारी किया जाएगा।
