पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Attack on Mamata Banerjee) पर कुछ लोगों ने हमला किया है. हमले के बाद ममता बनर्जी को जख्मी हालत में कार में बैठाया गया.
इस घटना के बाद जब ममता बनर्जी से बातचीत की कोशिश की गई तो उन्होंने बताया कि चार से पांच लोगों ने उनपर हमला किया. ममता बनर्जी के बाएं पैर में चोट लगी है. हालांकि इसके अलावा उन्होंने बताया कि वो कुछ और बताने की हालत में नहीं हैं.
जानकारी के मुताबिक ममता बनर्जी लगातार तीन-चार घंटे तक नंदीग्राम में लोगों से जनसंपर्क कर रही थीं, लेकिन उस समय कोई भी स्थानीय पुलिसकर्मी वहां नहीं था. ममता बनर्जी ने कहा, “चार-पांच लोगों ने गाड़ी बंद कर दी थी. लोकल पुलिस से उस समय वहां कोई नहीं था. एसपी भी नहीं था. लोकल पुलिस भी नहीं थी. यह जानबूझ कर किया. मेरी छाती में भी दर्द हो रहा है.”
नंदीग्राम में पूजा कर लौट रही थीं ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने बताया कि उनके पैर को जानबूझकर कुचलने की कोशिश की गई और वो फिलहाल चलने की हालत में नहीं हैं. ममता बनर्जी के काफिले पर उस समय हमला किया गया जब वह नंदीग्राम में थीं. जानकारी के मुताबिक नंदीग्राम में मंदिर में पूजा कर जब ममता बनर्जी लौट रही थीं. उस दौरान कार में बैठने के दौरान 3-4 लोगों ने कार के गेट को जबरन बंद कर दिया. इससे ममता बनर्जी के पैर में चोट लग गई. उन्हें कोलकाता लाया जा रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें वेल व्यूह अस्पताल में दाखिल कराया जाएगा.
- नंदीग्राम : ‘ममता के नामांकन में पुलिस TMC कैडर की तरह कर रही थी काम’, BJP ने चुनाव आयोग से की शिकायत
- SSKM हॉस्पिटल में ममता बनर्जी को कराया गया भर्ती, TMC कार्यकर्ताओं ने राज्यभर में शुरू किया प्रदर्शन
- update: हमले के बाद ग्रीन कॉरिडोर बना कर ममता बनर्जी को कोलकाता ले जाया गया है. यहां उन्हें एसएसकेएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
झूठ बोल रही हैं ममता बनर्जी: BJP नेता
आज ममता बनर्जी का नंदीग्राम में रहने का कार्यक्रम था, लेकिन अब उन्हें कोलकाता लाया जा रहा है. हालांकि भारतीय जनता पार्टी के नेता ने टीवी9 से बातचीत में इस हमले को झूठा करार दिया है. ममता बनर्जी का आरोप है कि साजिश के तहत इस दुर्घटना को अंजाम दिया गया है. बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी नाटक कर रही हैं. अर्जुन सिंह ने कहा कि वो झूठ बोलने में मास्टर हैं.
अर्जुन सिंह ने कहा कि यह झूठी बात है. वह सहानुभूति लेने की कोशिश कर रही हैं. वह जान रही हैं कि वो आगामी चुनाव में हार रही हैं. इस कारण सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही हैं. सीएम खुद भी गृह मंत्री हैं. यदि उनकी सुरक्षा में लापरवाही हुई है, तो उनके अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए.
