किसान नेता राकेश टिकैत मंगलवार से राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर कृषि महापंचायत करेंगे।
मंगलवार को पहली किसान महापंचायत झुंझुनूं के कर्बला मैदान में होगी। इसके लिए कई दिन से किसान संगठनों की तैयारियां चल रही थीं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता टिकैत के अलावा कई अन्य संगठनों के नेता व कम्युनिष्ट नेता भी यहां पहुंचेंगे।
असल में दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन में केंद्र सरकार की ओर से बनाए गए कृषि बिलों का विरोध लगभग तीन माह से किया जा रहा है। इन्हीं कानूनों के विरोध में पंजाब और हरियाणा के किसानों का आंदोलन को समर्थन मिला है, लेकिन राजस्थान के केवल एक हिस्से से ही साथ है। ऐसे में टिकैत चाहते हैं कि राजस्थान के सभी जिलों के किसान उनके आंदोलन को सपोर्ट करें। इसी समर्थन की आस में टिकैत झुंझुनूं से अपने दौरे की शुरुआत कर रहे हैं।
किसानाें की ओर से मंगलवार दाेपहर झुंझुनूं में किसान महापंचायत हाेगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसान महापंचायत के मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड अमराराम, अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूल्दू सिंह मानसा(पंजाब), राजस्थान किसान सभा के राज्य महासचिव तारासिंह सिद्धू, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह, जय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक योगेंद्र यादव, राजस्थान जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील संबोधित करेंगे।

